बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर के हजारों विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म निष्क्रिय होने को लेकर परेशान हैं। बीए और बीएससी के परीक्षा फॉर्म हाल ही में उपलब्ध हो चुके हैं। बीकॉम के फॉर्म 25 मार्च से खुलने की घोषणा के बावजूद अब तक नहीं भरे जा सके हैं।
फॉर्म भरने की अंतिम तिथि नजदीक आने के बावजूद स्टेटस ''''निष्क्रिय'''' दिखने को लेकर विद्यार्थी परेशान हैं। विद्यार्थी अपनी शिकायतें लेकर महाविद्यालयों में पहुंच रहे हैं, जहां उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
विश्वविद्यालय की मीडिया सेल के अनुसार, समर्थ पोर्टल का संचालन दिल्ली से होता है। कुछ काम लखनऊ से कराए जाते हैं। मीडिया सेल ने बताया कि बीकॉम के प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के विषयों में अंतर है। प्रथम सेमेस्टर में सांख्यिकी, व्यावसायिक संचार और व्यावसायिक पर्यावरण जैसे विषय थे, जबकि द्वितीय सेमेस्टर में वित्तीय लेखांकन, व्यावसायिक अर्थशास्त्र और व्यावसायिक वित्त जैसे विषय हैं।
बीए और बीएससी में द्वितीय सेमेस्टर में विषय नहीं बदलते हैं, इसलिए समर्थ पोर्टल पर बीकॉम के लिए इस बदलाव को लागू करने में समय लग रहा है।
बरेली कॉलेज में कक्षाएं स्थगित
बरेली। बरेली कॉलेज में 21, 23, 24, 28 और 29 अप्रैल को सुबह आठ से 11 बजे की पाली में बड़ी परीक्षाएं आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं के कारण इन निर्धारित तिथियों पर नियमित कक्षाएं स्थगित रहेंगी। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि इन परीक्षाओं में 2500 से अधिक विद्यार्थी शामिल होने का अनुमान है। संवाद
एमबीबीएस सप्लीमेंट्री परीक्षा का कार्यक्रम जारी
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध मेडिकल कॉलेजों की एमबीबीएस द्वितीय और तृतीय प्रोफेशनल (भाग प्रथम व द्वितीय) की सप्लीमेंट्री परीक्षाएं दो मई से नौ मई तक आयोजित होंगी। एमबीबीएस द्वितीय प्रोफेशनल की माइक्रोबायोलॉजी प्रथम की परीक्षा दो मई को और द्वितीय की चार मई को होगी। तृतीय प्रोफेशनल भाग प्रथम की कम्युनिटी मेडिसिन प्रथम की परीक्षा दो मई को और द्वितीय की चार मई को होगी। ऑप्थाल्मोलॉजी की परीक्षा पांच मई, ईएनटी की छह मई और फॉरेंसिक मेडिसिन की सात मई को होगी। तृतीय प्रोफेशनल भाग दो की परीक्षाएं भी दो मई से शुरू होंगी। जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, गायनोकोलॉजी और पीडियाट्रिक्स की परीक्षाएं नौ मई तक चलेंगी।संवाद