बरेली। साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में बुधवार को स्किल इंडिया डेवलपमेंट की ओर से बीबीए रिटेल ऑपरेशन कोर्स के लिए छात्राओं की काउंसलिंग की गई। इस कोर्स में विद्यार्थी पढ़ाई के साथ कमाई भी कर सकते हैं।
स्किल इंडिया डेवलपमेंट की ओर से आए चंद्रमणि सिंह व दिव्या ने छात्राओं को कोर्स के बारे में बताते हुए कहा कि इसमें प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलता है। कोर्स के समापन पर रोजगार के अवसर भी प्राप्त होते हैं। कहा कि छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह कोर्स जरूरी है। महाविद्यालय में विगत वर्ष प्रदेश सरकार और रिटेल एसोसिएशन काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से यह कोर्स शुरू किया गया था। यह रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध है। इसके प्रत्येक सेमेस्टर में रिटेल एसोसिएशन की ओर से निर्धारित स्टोर पर छात्राओं को इंटर्नशिप कराई जाती है। इसमें न्यूनतम 50,000 प्रतिवर्ष स्टाइपेंड दिया जाता है। तीन वर्षों के इस कोर्स को पूरा करने पर काउंसिल की ओर से नौकरी भी दी जाती है। साथ ही महाविद्यालय की ओर से भी इसमें सहायता की जाती है। इस दौरान प्राचार्य प्रो. अनुपमा मेहरोत्रा, डॉ. सीमा गौतम, डॉ. दिव्या यादव, डॉ. महिमा यादव, डॉ. प्रज्ञा रावत, डॉ. श्वेता अग्रवाल, डॉ. प्रगति उपस्थित रहीं।