23वीं यूथ यूपी स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में ट्रॉफी के साथ मेरठ की विजेता टीम।
- फोटो : संघ
बरेली के फरीदपुर स्थित मानस स्थली आवासीय विद्यालय में चल रही 23वीं यूथ यूपी राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। इस मौके पर प्रतियोगिता में प्रदेश की 43 टीमों के 600 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। फाइनल में बालिका वर्ग में मेरठ, बालक वर्ग में ट्रिपल टीएसी ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
बालिका वर्ग में मेरठ ने बुलंदशहर को 85-68 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल मुकाबले में बुलंदशहर ने लखनऊ को 52-27 से तथा मेरठ ने गौतम बुद्ध नगर को 44-37 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। तीसरे स्थान के लिए हुई भिड़ंत में लखनऊ ने गौतम बुद्ध नगर को 20-00 से पराजित किया।
बालक वर्ग में ट्रिपल टीएसी ने मेरठ को 62-48 से मात देकर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया। सेमीफाइनल में मेरठ ने गोरखपुर को 40-23 से और ट्रिपल टीएसी ने गौतम बुद्ध नगर को 46-18 से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया था। तृतीय स्थान के लिए गौतम बुद्ध नगर और गोरखपुर के बीच मुकाबला हुआ। इसमें गौतम बुद्ध नगर ने गोरखपुर को पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।
ये रहे अतिथि
मुख्य अतिथि एसएसपी अनुराग आर्य, विशिष्ट अतिथि एसपी साउथ अंशिका वर्मा, कुलाधिपति फ्यूचर यूनिवर्सिटी मुकेश गुप्ता, अध्यक्ष मानस स्थली ट्रस्ट सत्येंद्र प्रकाश गोयल, सचिव मानस स्थली ट्रस्ट सौरभ अग्रवाल, प्रधानाचार्य मानस स्थली रेसिडेंशियल स्कूल अनिल कुमार त्रिपाठी, सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव, यूपीबीए उपाध्यक्ष आरएस बेदी, संयुक्त सचिव यूपीबीए पवन कुमार, परमवीर सिंह उपस्थित रहे।