बरेली। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी एसोसिएशन ने समान अधिकारों सहित अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को बीएसए ऑफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मियों ने 18 सूत्रीय मांग पत्र भी बीएसए विनय कुमार को सौंपा। पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश भर में विभाग के कई कर्मचारियों के साथ भेदभाव पूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष तापस कुमार ने कहा कि 30 दिसंबर को एडी बेसिक कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
कर्मचारियों ने कहा कि इन 18 सूत्रीय मांगों में कार्यालय में समान व्यवहार की मांग की है। इसके पहले संगठन 12 दिसंबर से 17 दिसंबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। जिलामंत्री अंकुर सक्सेना ने कहा, इन मांगों के न मानने से कर्मचारियों के बीच भेदभाव जैसी स्थितियां बन रही हैं। किसी भी कार्यक्षेत्र में ऐसी स्थितियां काम को प्रभावित करती हैं। मंडलाध्यक्ष प्रमोद पाल सिंह ने बताया, कि इस तरह के व्यवहार की वजह से हमें काम करने में दिक्कतें आ रही हैं। काम करने के लिए जरूरी चीजें स्टेशनरी, लैपटॉप या अन्य सामग्री भी हमें अपने निजी खर्चे पर जुटानी पड़ती है। ऐसी स्थिति में डाटा की सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा रहती है। संगठन के मंडल मंत्री राजीव कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष वीरपाल, महामंत्री शहाब सरताज, श्वेता त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष तेजपाल गंगवार, जिलाध्यक्ष वीरेश कुमार शर्मा, प्रांतीय उपाध्यक्ष शमशाद खान आदि मौजूद रहे।