बरेली। महादेव पुल के दोनों छोर पर जाम से निपटने के लिए बुधवार को कोतवाली के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई है। इससे राजकीय इंटर कॉलेज की तरफ से ई-रिक्शा सीधे पुल पर नहीं आ सके। इन्हें नावल्टी चौराहा से घूमकर पुल पर आना पड़ा। इसके साथ ही पुल के दोनों छोर पर स्थित चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस दिन भर तैनात रही।
व्यवस्था में यह बदलाव मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के निर्देश पर बुधवार से शुरु किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज की तरफ बैरिकेडिंग करके इस्लामिया कॉलेज की तरफ से आने वाले ई-रिक्शा को पुल की तरफ आने से रोक दिया गया। इसके अलावा पुल के किनारे भी बैरिकेडिंग लगाई गई थी, जिससे कि पुल से उतरकर ई-रिक्शा एकदम न मुड़े। नावल्टी चौराहा जाकर उसे इस्लामिया कॉलेज की तरफ मुड़ना होगा। ई-रिक्शा को रोकने के लिए एक टीएसआई व दो होमगार्डों की अलग से ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा नावल्टी चौराहे पर भी ट्रैफिक पुलिस तैनात रही। बुधवार को यहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी यातायात का संचालन करवा रहा था। इससे चौराहे पर ज्यादा जाम भी नहीं लग सका। यहां चारों दिशा से एक साथ वाहन आने से जाम लग रहा था। इसके अलावा कोहाड़ापीर चौराहे पर भी हालात सुधरे दिखे। यहां एक टीएसआई के अलावा ट्रैफिक सिपाही व दो होमगार्ड लगाए गए थे। पुल पर ट्रैक्टर आदि को नहीं जाने दिया गया। यहां कलम दवात चौराहे के पास रखे पुलिस बूथ को हटाया जाएगा।
अब नावल्टी चौराहे से होकर वापस पुराने बस अड्डे जाएंगी बसें
बुधवार से पुराने बस अड्डे से बसों के आवागमन के रास्ते में भी फेरबदल किया गया है। अब पुराने बस अड्डे से दिल्ली जाने वाली बसें नावल्टी चौराहे से होकर नहीं बल्कि बरेली कॉलेज, चौकी चौराहा, चौपुला होते हुए निकलेंगी। वहीं दिल्ली से आने वाली बसें पटेल चौराहा से नावल्टी होते हुए पुराने बस अड्डे पहुंचेंगी। अभी तक दिल्ली को जाने वाली बसें नावल्टी होकर जाती थीं। इससे नावल्टी चौराहे पर जाम लगता था।