बरेली। आईआईए की ओर से दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित बिल्ड भारत एक्सपो में बरेली की प्लाईवुड को लोगों ने खूब पसंद किया। जिले के उद्यमियों ने यहां 10 स्टॉल लगाए।
एक्सपो में बरेली संसदीय क्षेत्र के सांसद छत्रपाल गंगवार भी पहुंचे। आईआईए के सचिव रजत मेहरोत्रा ने बताया कि बिल्ड भारत एक्सपो में देश भर के उद्यमियों ने स्टॉल लगाए। बरेली से करिधा प्लाईवुड, हरेंद्र प्लाईवुड, वुडले प्लाईवुड, गंगा विनियर, राधे इंजीनियरिंग, वैल्यूमेट, बायो गोल्ड आदि कंपनियों ने भाग लिया।
बरेली से सबसे ज्यादा प्लाईवुड कंपनियों के स्टॉल थे। तीन दिन चले इस आयोजन में देश-विदेश से आए उद्यमियों ने बरेली के उत्पादों की सराहना की।
उद्यमियों ने रखी बात
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग मंत्री जीतन राम मांझी से लीज होल्ड औद्योगिक भूमि को फ्री होल्ड करने की मांग की। साथ ही सरकारी खरीद में एमएसएमई के लिए 40 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही। उद्यमियों की बातों को केंद्रीय मंत्री ने सुना और जल्द समाधान करने की बात भी कही। बरेली से आईआईए के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश गोयल, आईआईए बरेली के चेयरमैन मयूर धीरवानी, सचिव रजत मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष सलिल बंसल, ध्रुव खनिजो, धनंजय विक्रम सिंह, शार्दुल, मनीष शर्मा आदि उद्यमी एक्सपो में शामिल हुए। संवाद