मजदूरों को ट्रक में बैठाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य प्रान्तों से लॉकडाउन तोड़कर लोगों का आवागमन जारी है। बरेली में बड़ा बाईपास पर कई जगह ऐसे लोगों के जत्थे आए हुए हैं। इनमें से अधिकांश लोग बसों से तो कई निजी साधनों से यहां पहुंचे हैं। इन्हें आगे के शहरों व गांव में इनके घर भेजना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। कई रोडवेज बसों के अलावा निजी बसों व ट्रकों के जरिये लोगों को भेजा भी जा रहा है।
बावजूद लोगों की अपार भीड़ के सामने संसाधन कम नजर आ रहे हैं। इस बीच आसपास के गांवों के प्रभावशाली लोग इन मजदूरों की मदद को आगे आ गए हैं। ये लोग इन्हें भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं कुछ लोग डंडे लेकर ट्रक जैसे वाहनों को रोककर इनमें जबरन इन्हें बैठा रहे हैं। ट्रकों में केबिन से लेकर ऊपर तक पलक झपकते ही लोग भर जाते हैं।
लेकिन इन सब के बीच कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बना हुआ है। बरेली में पॉजिटिव केस मिलने के बाद लोगों में डर समाया है। दिल्ली से आए लोग घरों में बैठने की बजाय बाहर घूम रहे हैं, इससे पड़ोसियों में दहशत बरकरार है। लोग इन्हें घर बैठने की सलाह दे रहे हैं। डीआईजी बरेली राजेश कुमार पांडेय ने भी लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।