बिजली कटौती से जूझ रहे उपभोक्ता
भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर हांफ रहे हैं। उनको फुंकने से बचाने के लिए कूलर लगाकर ठंडा किया जा रहा है। दूसरी आर, शहरवासी गर्मी से तरबतर हो रहे हैं। उपभोक्ता अघोषित बिजली कटौती, ट्रिपिंग और फॉल्ट से जूझ रहे हैं। सोमवार रात से लेकर मंगलवार दिनभर आपूर्ति ठप होती रही। ट्रांसफार्मर फुंकने पर अफसर कभी ट्रॉली ट्रांसफार्मर लेकर दौड़े तो कभी फॉल्ट दुरुस्त कराने के लिए जूझते रहे।
सोमवार रात तेज हवा चलने पर फॉल्ट की आशंका में शहर के कई उपकेंद्रों ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी। करीब दो घंटे बाद जब तेज हवा थमी तो आपूर्ति बहाल की गई। इधर, मंगलवार सुबह 33 केवी सप्लाई फेल होने से पवन विहार, हरुनगला, सुपर सिटी, ट्रांसपोर्ट नगर आदि प्रभावित रहे। वहीं, हरुनगला उपकेंद्र पर फीडर बंद किए जाने से दोपहर में दो घंटे से ज्यादा समय तक आपूर्ति बाधित रही।
आती-जाती रही बिजली
रीजनल कॉलेज के पास हुए फॉल्ट की वजह से महानगर फीडर से जुड़े मोहल्लों में आपूर्ति प्रभावित रही। बालीपुर से आधे घंटे की कटौती की गई। सुभाषनगर, किला, रोहली टोली, कांकर टोला, इज्जतनगर, सीबीगंज, बाकरगंज आदि मोहल्लों की बिजली भी काफी देर तक गुल रही। लोग उपकेंद्र पर कॉल करते रहे पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।