आक्सीजन प्लांट की जगह देखते डीएम और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
केसर शुगर मिल ने अस्पताल में आक्सीजन प्लांट लगाने की योजना डीएम को बताई
बहेड़ी। सीएचसी की एमसीएच विंग के निचले व ऊपरी तल में तीस बेड का कोविड अस्पताल बनेगा। हरेक बेड पर आक्सीजन की सप्लाई होगी। केसर शुगर मिल सीएचसी पर आक्सीजन प्लांट लगाने जा रही है। मिल ने इसका टेंडर भी दे दिया है। मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने डीएम के सामने पूरा प्लान रखा है।
डीएम नितीश कुमार सीएचसी पर पहुंचे और करीब दो घंटे तक उन्होंने विधायक के साथ सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने कोविड टीकाकरण की व्यवस्था, इमरजेंसी वार्ड और अस्पताल में साफ सफाई का निरीक्षण किया। डीएम ने सीएचसी में स्थापित एमसीएच विंग के भवन को देखा। डीएम ने इसके निचले व ऊपरी तल में तीस बेड का कोविड अस्पताल बनाने तथा सभी बेड को आक्सीजन युक्त करने की बात कही। इस दौरान केसर शुगर मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरत मिश्र ने डीएम को बताया कि वह आक्सीजन प्लांट को सीएचसी में स्थापित करने की तैयारी पूरी कर चुके हैं। उन्होंने डीएम को इसके लिए चिन्हित स्थान भी दिखाया। इसके लिए नए भवन के पास खाली पडे़ सुरक्षित स्थान को चुना गया है। शरत मिश्र ने बताया कि उन्होंने इसका टेंडर दे दिया है। जल्द ही इस पर काम चालू हो जाएगा। डीएम ने बताया कि नए भवन में चाइल्ड आक्सीजन बेड भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा सीएचसी के पुराने भवन में उसकी क्षमता के हिसाब से कोविड बेड बनाने की योजना भी है।