कैंट में छात्रा की मौत के मामले में पिता ने जताया शक, आज होगा पोस्टमार्टम
बरेली। कैंट क्षेत्र में गुरुवार को छात्रा की मौत के बीस घंटे बाद परिजनों ने पड़ोसी युवक पर हत्या का शक जताकर पुलिस को तहरीर दी है। पिता के मुताबिक, आरोपी युवक ने दरवाजा तोड़कर बेटी को फंदे से जीवित अवस्था में उतारा और अस्पताल ले जाते वक्त गला दबाकर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम होने से पहले हत्या की रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया।
कैंट के यादव मोहल्ला में रहने वाले महेश बाबू की 21 वर्षीय बेटी सोनी बीए की छात्रा थी। वह रामपुर गार्डन के एक कोचिंग सेंटर में भी पढ़ती थी। गुरुवार को उसकी मौत हो गई थी। शुक्रवार दोपहर पिता महेश ने कैंट थाने में तहरीर दी कि वह सेटेलाइट चौराहे के पास अपनी आंखों का ऑपरेशन कराने गए थे। पत्नी और बेटे उनके साथ थे। घर पर उनकी बुजुर्ग मां थीं। शाम को सोनी कोचिंग से आई और छत के कमरे में चली गई। खटपट होने पर उनकी मां ऊपर गईं तो दरवाजा अंदर से बंद था। मां ने शोर मचाया तो पड़ोसी युवक दौड़कर आया। उसने दरवाजा तोड़कर सोनी को निकाला। तहरीर के अनुसार, तब सोनी की सांस चल रही थी। वह अस्पताल ले गया और थोड़ी देर बाद सोनी का शव लेकर लौट आया। उन्हें शक है कि युवक ने ही सोनी का गला दबाकर हत्या की है। देरी की वजह से पोस्टमार्टम टल गया, अब शनिवार को होगा।
सोनी के परिवार को सांत्वना देने भीम आर्मी के लोग भी पहुंचे। बाद में उन्होंने थाना कैंट जाकर 24 घंटे बाद भी रिपोर्ट न लिखने पर आपत्ति जताई। मंडल अध्यक्ष अजय प्रधान ने आरोप लगाया कि एक लड़का सोनी को परेशान करता था, उसी वजह से उसने आत्महत्या की है। इंस्पेक्टर ने कहा कि परिवार और पड़ोसियों की बातें मेल नहीं खा रहीं। लिहाजा पोस्टमार्टम के बाद ही कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।