पारुल ढींगला,प्रिया सिंह और पूनम बिष्ट
- फोटो : अमर उजाला
फेसबुक, इंस्टाग्राम पर बरेली की बेटियों ने धूम मचा रखी है तो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपने अभिनय से धाक जमा रही हैं। अपने बेहतरीन कंटेट के बूते उन्होंने लाखों में फॉलोअर बनाए हैं। उनके हौसलों को लाइक मिल रहे हैं। अभिनय भी हिट है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (आठ मार्च) पर इन बेटियों की कहानी...।
यूं बनाएं अपनी शादी यादगार...इंस्टाग्राम पर चल निकला
कूर्मांचल नगर की रहने वाली पारुल ढींगरा ने बताया कि उन्हें फैशन में काफी रुचि है। फैशन मैनेजमेंट में नोएडा से एमबीए किया। 2018 में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पेज शुरू किया। जॉब के साथ लोगों को शादी को सजाने के लिए सुझाव देने शुरू किए। धीरे-धीरे पेज पर एक लाख से अधिक लोग जुड़ गए। इसके बाद अपने शहर में होने वाली गतिविधियों को बताने के लिए एक नया पेज बनाया। अब इंस्टाग्राम से ही काफी आमदनी हो जाती है।
लघु फिल्मों से शुरुआत की...अभी ऊंची उड़ान बाकी है
इज्जतनगर की प्रिया सिंह ने बताया कि मुझे बचपन से ही फिल्मों का शौक रहा। प्राइमरी शिक्षा बरेली से की और फिर देहरादून चली गई। एयर होस्टेस बनने के बाद मैंने सोशल मीडिया पर अपने कई वीडियो डाले। इससे मुझे टी-सीरीज के एक पंजाबी गाने में काम करने का मौका मिला। मैंने कई लघु फिल्में भी कीं। हाल ही में मैंने नेटफ्लिक्स व अमेजन प्राइम पर आई एक हॉरर फिल्म के मुख्य भूमिका के लिए ऑडिशन दिया और मेरा चयन हो गया। मुझे दिशा पाटनी व प्रियंका चोपड़ा की तरह बरेली का नाम रोशन करना है।
बस मौका मिलने की देर...फिर छू लूंगी आसमान
कैंट की पूनम बिष्ट ने कहा कि हमेशा से मॉडलिंग का सपना देखा था। मेरे पति कर्नल हैं। शादी के बाद मैं हरियाणा से बरेली आ गई। 2018 में मैंने ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भाग लेना शुरू किया। चार सालों में मुझे मेरी अच्छे कद के चलते कई सम्मान प्राप्त हुए। 2022 में मुझे बरेली में होने वाले मिस्टर एंड मिस बरेली कॉन्टेस्ट में जज बनने का मौका मिला। यह पल पूरे करियर में सबसे शानदार पल रहा। मैंने लघु फिल्म भी की हैं। बरेली में महिलाएं मॉडलिंग कर अपने कदम बॉलीवुड की दुनिया में बढ़ा रही हैं। बस मौका मिलने की देर है।
जूही मानी
- फोटो : अमर उजाला
यूट्यूब चैनल ने दिलाई पहचान, अभी और आगे जाना है
राजेंद्र नगर की जूही मानी ने कहा कि शादी से पहले मुझे यूपीएससी क्लीयर करना था। नहीं कर सकी। शादी के बाद पति व सास ने सुझाव दिया कि मुझे यूट्यूब चैनल की शुरुआत करनी चाहिए। फिर मैंने इंस्टाग्राम, यूट्यूब व फेसबुक पर अपना चैनल बनाया और अमेजन से खरीदे हर सामान का रिव्यू दिया। देखते ही देखते मेरे 25 हजार से ज्यादा फॉलोअर हो गए। फिर मुझे वीडियो बनाने के पैसे भी मिलने लगे।