विस्तार से जानें पूरा घटनाक्रम
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी में 16 मार्च (सोमवार) को दोपहर राशिद खां के घर पर चल रही पंचायत के दौरान अफसर खां उर्फ बोरा ने सास आसमां (50), साले आदिल (19) और पत्नी सायमा (24) को चाकू से गोद दिया था। निजी अस्पताल में आसमां और आदिल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि सायमा का इलाज अभी चल रहा है। वारदात के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने इज्जतनगर थाना प्रभारी, एसओजी और सर्विलांस टीमों को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया था।
तलाश में जुटी पुलिस को मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि आरोपी ग्राम मुड़िया अहमद की ओर गया है। पुलिस सुबह करीब पौने छह बजे सैदपुर मोड़ के करीब पहुंची तो आरोपी सहारा ग्राउंड की ओर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही अफसर खां ने पिस्टल से कई राउंड फायर किए। पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी को दो गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद उसके शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।