मिशन शक्ति टीम के तीन पुलिसकर्मियों ने सर्जरी से पहले किया रक्तदान
बरेली। दुष्कर्म पीड़ित छह साल की मासूम बच्ची के गुनहगार को जेल पहुंचाने के बाद फरीदपुर थाने की मिशन शक्ति टीम ने दूसरा काम सर्जरी के दौरान रक्तदान करके किया। तीन पुलिसकर्मियों में एक महिला दरोगा भी शामिल रहीं। पीड़ित परिवार से लेकर चिकित्सकों तक ने इनकी सराहना की।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फरीदपुर थाना क्षेत्र में पिछले साल छह साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की कोशिश की गई थी। पुलिस ने तत्काल पॉक्सो व संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
मिशन शक्ति फेज पांच अभियान के तहत एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा व संबंधित थाने की टीम लगातार बच्ची के स्वास्थ्य पर नजर रख रही थी। पता लगा कि बच्ची की दूसरी सर्जरी होनी है। उसे भोजीपुरा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
सर्जरी के दौरान बच्ची को खून की जरूरत थी। चिकित्सक के परामर्श के मुताबिक फरीदपुर मिशन शक्ति टीम की प्रभारी उप निरीक्षक मानसी हुड्डा व टीम के सदस्य दरोगा सौरव सिवाच व कांस्टेबल अजय तोमर मंगलवार को अस्पताल पहुंचे और रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद बच्ची की हालत में सुधार है। बच्ची के स्वास्थ्य पर थाना फरीदपुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम लगातार नजर रख रही है। ब्यूरो