फर्जी पते पर ट्रक खरीदकर करते थे तस्करी
तस्कर कदीर के खिलाफ यूपी, जम्मू कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों में मुकदमे दर्ज हैं। कदीर के साथी पंजाब के अमृतसर निवासी कुलदीप सिंह उर्फ सागर और तरनतारन के गुरप्रीत सिंह उर्फ गौरा के पास फर्जी पते पर खरीदे गए ट्रक हैं। इन ट्रकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कदीर विभिन्न राज्यों में गो तस्करी करता है।
राज्यों के हिसाब से तस्कर नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे और टोल प्लाजा आने पर नंबर प्लेट बदल लेते थे। ट्रक का इंजन और चेसिस नंबर भी मिटा दिया जाता था। ट्रक के आगे एक कार में तस्करों के साथी चलते थे और खतरा होने पर ट्रक चालक को सूचित करते थे। पकड़े गए पशु तस्करों पर पुलिस धोखाधड़ी की धारा भी लगाएगी।
साथियों को देता था मोटा कमीशन
कदीर अपने साथी सागर और गौरा को एक बार पशु पहुंचाने के बदले एक लाख रुपये देता था। ट्रक चालक नाजिम को प्रति चक्कर दस हजार रुपये दिए जाते थे। आरोपी 40 हजार रुपये प्रति गोवंश के हिसाब से पशुओं को बेच देते थे। छुट्टा पशुओं को तस्करों से बचाना मुश्किल होता है। छुट्टा पशुओं को रखने की उचित व्यवस्था न होने से तस्करों को आसान शिकार मिल जाता है।