आठ घंटे में केवल 60 ट्रक-डंपर उपखनिज लेकर निकले
बहेड़ी सीओ ने बताया कि नैनीताल मार्ग पर उपखनिज का अवैध परिवहन लगभग थम गया है। आठ घंटे में केवल 60 ट्रक-डंपर उपखनिज लेकर निकले हैं। उनके पास संपूर्ण वैध दस्तावेज भी पाए गए हैं। बताया कि शुक्रवार रात 12 बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक उपखनिज लेकर 60 ट्रक-डंपर बहेड़ी टोल से पार हुए हैं।
शनिवार सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक 55 ट्रक-डंपर निकले हैं। यह सभी वाहन वैध तरीके से उपखनिज लेकर परिवहन करते मिले हैं। चेक प्वाइंट बनने से पहले इस मार्ग पर काफी संख्या में उपखनिज लेकर अवैध तरीके से ओवरलोड ट्रक-डंपर पास होते थे। चेक प्वाइंट पर मौजूद रजिस्टर में उपखनिज लेकर मार्ग से निकलने वाले प्रत्येक ट्रक-डंपर व आईएसटीपी (इंटरस्टेट ट्रांजिट पास) नंबर और वाहन स्वामी का नाम आदि विवरण दर्ज किया जा रहा है।
बिना आईएसटीपी के ट्रक एक राउंड पर बचाते हैं 7000 रुपये
बहेड़ी सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बिना आईएसटीपी के उपखनिज के अवैध परिवहन पर ट्रक के एक राउंड पर खनन माफिया करीब 7,000 रुपये की बचत कर लेते हैं। उन्होंने बताया कि नैनीताल हाईवे पर चेक प्वाइंट बनाने के संबंध में डीएम ने पहला आदेश तीन दिसंबर से जारी किया था।
उसी समय से बहेड़ी टोल पर कैंप लग रहा है और यहां पर आठ-आठ घंटे के लिए अधिकारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी चल रही है। सीओ ने कहा कि उपखनिज का अवैध परिवहन करने वालों को शुरूआत में लगा कि दो-चार दिन बाद यह कैंप हट जाएगा, लेकिन जब कैंप का संचालन नियमित होते देखा तो ट्रक-डंपर वाले और उनके साथ चलने वाले सहयोगी परेशान हुए हैं।