राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर खेली जा रही 63वीं प्रदेशीय विद्यालयीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में हार के बाद बरेली की सीनियर और सब जूनियर दोनों ही वर्ग की टीमें खिताबी दौड़ से बाहर हो गई हैं। बालक और बालिका दोनों ही टीमों को सेमीफाइनल में हार झेलनी पड़ी। बरेली की टीम अब तीसरे स्थान पर आने के लिए बुधवार को मैदान में उतरेगी। बुधवार को फाइनल मुकाबले होंगे।
प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और गोरखपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। सीनियर बालिका वर्ग में लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल ने अलीगढ़ और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने इलाहाबाद को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। सीनियर बालक वर्ग में बरेली ने देवीपाटन को हराया जरूर लेकिन उसका फाइनल में खेलना पक्का रहा। सीनियर बालक वर्ग में फैजाबाद की टीम ऊपर पहुंची। सेमीफाइनल में उसका मुकाबला इलाहाबाद से हुआ। इसमें जीत फैजाबाद के खाते में आई। दूसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के बीच भिड़ंत हुई पर देरी होने से मैच रोकना पड़ा। अब यह मुकाबला बुधवार को होगा। सब जूनियर बालिका वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने मुरादाबाद और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने बरेली को हराकर फाइनल में जगह बनाई। सब जूनियर बालिका वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने बरेली और मुरादाबाद ने अलीगढ़ को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब इनके फाइनल बुधवार को होंगे। डीआईओएस अचल कुमार मिश्रा ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर क्रीड़ा प्रभारी नईम अहमद, प्रधानाचार्य आरपी सिंह, आरडी गंगवार, डीपी मलिक, डॉ. मिथलेश भदौरिया आदि लोग मौजूद रहे।