60 खातों पर नजर, 25 करोड़ का हुआ लेनदेन
पुलिस ने ऑनलाइन गेम से ठगी के जिस धंधे का खुलासा किया है, उसमें दिल्ली समेत कई प्रदेशों के शातिर शामिल हैं। पुलिस को प्राथमिक जांच में 60 खातों की जानकारी मिली है, जिनके जरिये 25 करोड़ के अवैध लेन-देन की पुष्टि हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि इस नेटवर्क को दिल्ली के करावल नगर का रहने वाला धीरज तोमर उर्फ जितेंद्र संचालित करता है। उसके संपर्क में हजारों लोग हैं। पकड़े गए आरोपी भी धीरज को रुपये भेजते थे। वह बदले में नेटवर्क के जरिये उन्हें डिजिटल कॉइन उपलब्ध कराता था, जिनका इस्तेमाल लोगों को ऑनलाइन गेम के प्रति आकर्षित करने में किया जाता था। इन्हीं कॉइन को झांसा देकर बेच देते थे। इस एप से पहचान प्रदर्शित नहीं होती थी।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि इनके कुल 60 खातों की हमें जानकारी मिली है। इनमें से पांच खातों में बीते तीन वर्षों में 25 करोड़ का ट्रांजेक्शन हुआ है। सभी लेन-देन संदिग्ध लग रहे हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है। 10 लाख रुपये पुलिस ने होल्ड भी करा दिए हैं।