बरेली। शहर में लगने वाली होर्डिंग अब बीते दिनों की बात बनकर रह जाएंगी। नगर निगम शहर के सभी होर्डिंग को एक अप्रैल तक पूरी तरह हटा देगा। वहीं शहर में लगे 50 रूफटॉप को भी 30 मार्च तक हटाने की चेतावनी संबंधित लोगों को जल्द दे दी जाएगी। इस संबंध मेें की गई कार्रवाई से शासन को भी अवगत कराया जाएगा।
शुक्रवार को नगर निगम में कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई, जिसमें होर्डिंग व रूफटॉप समेत करीब 51 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई, जबकि एक प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। मेयर उमेश गौतम ने बताया कि निगम होर्डिंग लगाने की अब तक अनुमति देता आया है, पर वैध होर्डिंग की आड़ में कई अवैध होर्डिंग भी लग जा रही हैं, जिनकी पहचान कर पाना मुश्किल होता है। इन्हें लेकर लगातार शिकायतें आती रहती हैं। ऐसे में इन्हें पूरी तरह शहर से एक अप्रैल तक हटाने का निर्णय लिया गया है। वहीं अवैध रूप से शहर में लगाए गए 50 रूफटॉप को हटाने के लिए भी निगम ने निर्णय लिया है। 30 मार्च तक संबंधित लोगों को चेतावनी देकर इन्हें हटवा दिया जाएगा।
सफाई नायकों की घर के नजदीक नहीं होगी तैनाती
सफाई नायकों की तैनाती अब उनके घर के नजदीक नहीं की जाएगी। साथ ही शहर में साफ सफाई में कोताही बरतने वाले कर्मचारियों को जल्द ही निगम से बाहर का रास्ता दिखाने की भी बात कही गई। इनमेें मुख्य रूप से वह अस्थाई कर्मचारी जो अपनी पहुंच से काम करने के बजाए केवल वेतन ले रहे हैं, उन पर कार्रवाई करने की बात कही गई है।
दस वार्डों मेें ठेके पर उपलब्ध कराए जाएंगे सफाई कर्मी
नगर निगम के नेकपुर, कटरा चांद खां, शांति बिहार, सुभाष नगर, मौला नगर, मढ़ीनाथ, आईवीआरआई, गांधी उद्यान, रामपुर बाग व गांधीपुरम् में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए ठेके पर कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसकी संस्तुति कार्यकारिणी बैठक में की गई।
इन प्रमुख मुद्दों पर बनी सहमति
- जलभराव को देखते हुए झूलेलाल द्वार से स्वयंवर बारात घर आईवीआरआई तक दोनों ओर नाले का निर्माण
- आईवीआरआई रोड से केके हॉस्पिटल तक सीवर लाइन बिछाना, डेलापीर डलावघर मंदिर के पीछे चारों ओर तालाब की ओर 12 फीट ऊंची दीवार व आरसीसी फर्श का निर्माण
- डेलापीर चौराहे पर शौचालय पर अवैध कब्जा हटाने व वार्ड 64 व 20 बासमंडी गेट से सिकलापुर चौराहे तक सीसी सड़क व दोनों ओर नालियों का निर्माण
- वार्ड 60 शहदाना में बांसमंडी से प्राइमरी पाठशाला तक सीसी रोड का निर्माण
- मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी व मुख्य अभियंता की नियुक्ति को लेकर बनी सहमति
- तीन वेंडिंग जोन के लिए किराए का पुर्ननिर्धारण, मालौना आजा मार्केट शाहजहांपुर रोड के दुकानदारों द्वारा सड़क तक दुकान निकाल अवैध कब्जे को हटाने पर बनी सहमति