फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: जल्द बंद हो जाएगी बरेली-मनौना धाम ई-बस सेवा, शहर में तीन और रूटों पर हो रहा सर्वे

Sun, 16 Nov 2025 02:05 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली में सोमवार से शहर के तीन रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके अलावा तीन और रूटों पर ई-बसों के संचालन के लिए कवायद की जा रही है। इसके लिए सर्वे हो रहा है। 
विज्ञापन
स्वालेनगर चार्जिंग स्टेशन पर खड़ीं ई बसें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के शीशगढ़ और शेरगढ़ रूट पर सोमवार से ई-बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। यहां से 13 बसों को हटाकर शहर के तीन रूटों पर लगाया जाएगा। शेष 12 बसों के संचालन के लिए तीन और रूटों का सर्वे चल रहा है। दिसंबर तक बरेली-मनौना धाम ई-बस सेवा भी बंद कर दी जाएगी।

विज्ञापन

 
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के तहत दो साल पहले शहर में 25 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। घाटा होने पर इन बसों का संचालन बरेली-शीशगढ़, बरेली-शेरगढ़ और बरेली-मनौना धाम के बीच शुरू कर दिया गया। इस कारण शहरवासियों को इस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
 
30 सितंबर को सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की बोर्ड बैठक में ई-बसों का संचालन शहर की सीमा में करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने सर्वे कर तीन ऐसे रूट तय किए, जिन पर बसों को पर्याप्त सवारियां मिलती रहें और घाटा न हो। 
विज्ञापन


अभी मनौना धाम रूट पर 12 बसों का हो रहा संचालन 
सर्वे के बाद शेरगढ़ और शीशगढ़ रूट पर चलने वाली 13 बसों के लिए शहर में तीन रूट और 60 स्टॉपेज तय कर दिए गए। इन रूटों पर सोमवार से बसों का संचालन किया जाएगा। बरेली-आंवला-मनौना धाम रूट पर भी 12 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों का संचालन भी शहर में किया जाना है। इसके लिए सर्वे, रूट तय करने समेत अन्य औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। 

आमदनी वाले रूटों पर मंथन कर रहे अफसर
घाटे से उबरने के लिए ई-बसों का संचालन बरेली-फरीदपुर रूट पर शुरू किया गया था। इस रूट पर कई बड़े कॉलेज, यूनिवर्सिटी होने के कारण अच्छी संख्या में यात्री मिलते थे। बाद में बरेली-फरीदपुर रूट पर टोल प्लाजा शुरू हो गया। इस कारण ई-बसों का संचालन बंद कर दिया गया। शहर में संचालन शुरू किया गया तो फिर घाटा होने लगा। 

इसके बाद शीशगढ़, शेरगढ़ और मनौना धाम रूट पर सेवा शुरू की गई। शेरगढ़ व शीशगढ़ रूट पर 13 और मनौना धाम रूट पर 12 बसों का संचालन किया जा रहा है। आंवला रूट ई-बसों की कमाई का जरिया बना हुआ है। ऐसे में इस रूट की बसों को हटाने को लेकर माथापच्ची की जा रही है। 
विज्ञापन

मोबाइल एप से मिलेंगी सभी जानकारियां
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज जल्द ही अपना मोबाइल एप भी लॉन्च करेगा। इस एप के जरिये लोगों को बसों के रूट, समय सारिणी, किराया समेत सभी जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी। एप के जरिये बसों में टिकट बुकिंग भी की जा सकेगी। प्रबंध निदेशक दीपक चौधरी ने बताया कि सोमवार से बसों का शहर में संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जनवरी 2026 से पहले मोबाइल एप लांच करने की तैयारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें