वैदिक लाइब्रेरी सितंबर तक शुरू होने की उम्मीद
बीडीए की रामगंगानगर आवासीय योजना में 26 करोड़ रुपये की लागत से 5578 वर्गमीटर भूमि पर अत्याधुनिक वैदिक लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल इस परियोजना का 70% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सितंबर तक इसके पूर्ण होने की उम्मीद है।
बीडीए के सहायक अभियंता संदीप कुमार के मुताबिक, यह लाइब्रेरी महज किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि आधुनिक और प्राचीन ज्ञान का संगम होगी। इसमें एक साथ सैकड़ों छात्र अध्ययन कर सकेंगे। इसके बेसमेंट में पर्याप्त पार्किंग के साथ सेल्फ स्टडी जोन, जनरल रीडिंग एरिया और एक आधुनिक कैफेटेरिया विकसित किया जा रहा है, जबकि प्रथम तल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को समर्पित होगा।
दूसरे तल पर हाईटेक कंप्यूटर रूम, ऑडियो-विजुअल कक्ष और भव्य सेमिनार हॉल बनाए जा रहे हैं। यह मंडल में डिजिटल लर्निंग और सांस्कृतिक अध्ययन का एक बड़ा वैश्विक केंद्र बनकर उभरेगा। सबसे बड़ा आकर्षण इसका वैदिक केंद्र होगा। यहां युवा प्राचीन वैदिक ग्रंथों, उपनिषदों और पांडु लिपियों का अध्ययन कर सकेंगे।