बरेली में एक मकान में गैस रिसाव के बाद तबाही मच गई। धमाके से घर के दरवाजे उखड़ गए। इसके साथ ही खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बरेली से दिल्ली रेफर किया गया है।
बरेली जिले के शाही कस्बे में शुक्रवार सुबह गैस रिसाव के बाद हुए तेज धमाके से मकान में भारी नुकसान हुआ। धमाके से दरवाजे उखड़ गए, खिड़कियों के शीशे टूट गए और घर का सामान बिखर गया। चाय बना रही महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बरेली से दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
कस्बा के मोहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी उमेश चंद्र शर्मा के मकान में शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक तेज धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास करीब 100 मीटर तक के लोगों ने इसे सुना। मकान की छत की कड़ी टूटकर नीचे गिर गई। सोफा सेट पूरी तरह टूट गया।
पांच कमरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए और कई कमरों के दरवाजे उखड़कर गिर गए। जीने का दरवाजा भी काफी दूर जाकर गिरा। मकान से करीब 50 मीटर दूर स्थित थाने के कमरों के गेट भी धमाके से हिल गए।
विज्ञापन
Trending Videos
गर्म चाय से झुलसी महिला
बताया गया कि घटना के समय उमेश चंद्र शर्मा के मझले बेटे अमित शर्मा की पत्नी राधा शर्मा रसोई में चाय बना रही थीं, सुबह करीब 5:30 बजे चाय गर्म होते ही अचानक तेज धमाका हुआ और गर्म चाय उनके ऊपर पलट गई। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
उनकी चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद बड़े बेटे सुमित शर्मा और उनकी पत्नी नीरज शर्मा दौड़कर पहुंचे। परिजनों ने किसी तरह उनके कपड़ों में लगी आग बुझाई। इसके बाद उन्हें तत्काल बरेली के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया।
घटना के समय मकान में परिवार के सदस्यों और बच्चों समेत किराये पर रहने वाले लोग भी मौजूद थे। किरायेदार हरिशंकर शर्मा और उनके पुत्र अंश शर्मा ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि आंगन में रस्सी पर सूख रहे कपड़े उछलकर छत पर पहुंच गए। रसोई में बर्तन और राधा शर्मा की चप्पलें पड़ी थीं। मकान का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। धमाके के बाद सीसीटीवी कैमरा भी बंद हो गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। सीओ अजय कुमार ने बताया धमाके के कारणों की जांच की जा रही है फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किये है घटनास्थल पर गैस स्टोव का रेगुलेटर खुला हुआ मिला है।
गैस का रिसाव होने से आग लगने के बाद पाइप फटने की बात कही जा रही है। मामले में सभी तथ्यों की जांच-पड़ताल की जा रही है इसके बाद ही सत्यता का पता चल सकेगा।
धमाके की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर कस्बे के सैकड़ों लोग जमा हो गए। मकान में हुए भारी नुकसान और महिला के गंभीर रूप से झुलसने की घटना से लोगों में अफरातफरी मच गई।