सिंचाई मंत्री शिवपाल यादव ने बरेली सहित यूपी के 22 जिलों में बाढ़ की आशंका के चलते तैयारियों करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए मोटर बोट तथा अन्य उपकरणों के लिए धनराशि की मांग की। इनके लिए प्रशासन की ओर से पिछले माह प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन धनराशि नहीं मिली । बुधवार को लखनऊ स्थित योजना भवन में हुई समीक्षा बैठक में सिंचाई मंत्री ने जिलाधिकारियों को मुख्य अभियंता, सिंचाई के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने को भी कहा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित जिलों में सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अन्य स्थानों से चिकित्सक तैनात करें। पशु चिकित्सालयों में भी गलाघोंटू और खुरपा बीमारियों के बचाव की कारगर व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि बिजली के पोलों से तार टूटकर गिरने से करंट न फैलने पाए। उन्होेंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील और अति संवेदनशील बांधो का नियमित रूप से निरीक्षण कराया जाए। बाढ़ चैकियों की भी लगातार निगरानी के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि बरेली में अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है। राम गंगा का जल स्तर खतरे से काफी है। पिछले सप्ताह बारिश के कारण जल स्तर बढ़ा था।