बरेली। इस बार मानसून में वन विभाग वृहद स्तर पर पौधे रोपित करेगा। मंडल स्तर पर 28.42 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। मुख्य वन संरक्षक ने सभी जिलों में लक्ष्य तय कर 31 मार्च तक गड्ढे तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वन विभाग विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए इस साल प्रदेश भर में छह करोड़ पौधे लगाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य वन संरक्षक वीके चोपड़ा ने मंडलीय समीक्षा बैठक कर लक्ष्य तय किया। उन्होंने बरेली मंडल में 28.42 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। चोपड़ा ने बताया कि वन विभाग 15 लाख और अन्य विभाग और संस्थाएं 13.42 लाख पौध लगाएंगे।
डीएफओ धर्मसिंह ने बैठक के उपरांत बताया कि बरेली जिला में 1.68 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इसके लिए स्थान चयनित कर लिए हैं। इन स्थानों पर गड्ढे बनना शुरू हो गए हैं, जो 31 मार्च तक बनाए जाने हैं। सिंह ने बताया कि पौधरोपण में कई संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। बारिश शुरू होते ही खोदे गए गड्ढों में पौधे लगाए जाएंगे।