बरेली। मंडलीय विद्यालयीय हैंडबाल प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता में बरेली की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी वर्गों में बदायूं को पछाड़कर अपना दबदबा कायम किया।
पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज तथा मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक व बालिका दोनों वर्गों में मुकाबले हुए। बालक वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में बरेली और बदायूं की टीमों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग के अंडर-17 आयु वर्ग में दोनों जिलों के बीच मुकाबला हुआ।
मैदान पर उतरते ही बरेली के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में बरेली ने बदायूं को 24-02 के बड़े अंतर से परास्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग में बरेली ने बदायूं को 21-00 के अंतर से एकतरफा अंदाज में मात दी। अंडर-14 बालक वर्ग में भी बरेली का दबदबा कायम रहा और उसने बदायूं को 11-03 से हराया। बालिका वर्ग के अंडर-17 मुकाबले में बरेली की खिलाड़ियों ने बदायूं की टीम को 03-01 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
खिलाड़ियों से प्राप्त किया परिचय
प्रतियोगिता का शुभारंभ मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सुनीला मैसी, राजकीय हाईस्कूल बढ़ेपुरा की प्रधानाचार्य अर्चना राजपूत और जीआईसी बरेली के उप प्रधानाचार्य डॉ. गजराम सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। समापन अवसर पर पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश राय ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए। प्रतियोगिता का संचालन मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने किया। इस दौरान आरिफ शाह, मोहम्मद शान, अभिषेक सिंह, पुष्पेंद्र, अंकित सिंगवाल, ममता कुलपद आदि मौजूद रहे।