उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से हाल ही में बीनू मानगढ़ अंडर-19 ट्रॉफी के ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें बरेली के दक्ष चंदेल का उत्तर प्रदेश अंडर-19 क्रिकेट टीम के लिए चयन हुआ है। वह यूपी की टीम से खेलने के लिए रांची रवाना हो गए हैं।
दक्ष चंदेल एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी में कोच मनीष के निर्देशन में अभ्यास करते हैं। कोच मनीष ने बताया कि दक्ष बाएं हाथ के स्पिनर हैं। यदि वह इस बार अच्छा प्रदर्शन करेंगे तो उनका चयन कूच बिहार ट्रॉफी के लिए हो सकता है।
माता-पिता रह चुके हैं एथलीट
दक्ष का खेलों में रुझान बचपन से ही था। उनके माता-पिता दोनों ही एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं, जिससे घर में हमेशा से ही खेलों का माहौल रहा है। उनके पिता डॉ. अमित सिंह चंदेल ने बताया कि दक्ष जब मात्र चार साल के थे, तब उन्होंने सामान्य खिलौनों की बजाय गेंद और बल्ले को अपना साथी बनाया और उसी के साथ खेलते हुए खेल की बारीकियां सीखना शुरू किया।
वर्तमान में 16 वर्ष के दक्ष एक बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में खेलते हैं। इससे पहले वह अंडर-14 और अंडर-16 प्रदेश टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अपनी तकनीक और खेल क्षमता को निखारने के लिए एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी से प्रशिक्षण लिया। वह भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा को अपना प्रेरणा स्रोत मानते हैं।