उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कार से कुचलकर मासूम बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शहर के चर्चित यूट्यबूर और कार ड्राइवर को हिरासत में लिया। घटना के वक्त यूट्यूबर कार में था। बाद में यूट्यूबर को छोड़ दिया गया। बच्ची के मामा की तहरीर पर एक नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बरेली के बारादरी थाने के हजियापुर के चर्चित यू-ट्यूबर जावेद जिस कार में बैठा था, उसी से कुचलकर मोहल्ले की चार साल की बच्ची इनाया की मौत हो गई। बच्ची के परिवार व बस्ती के लोगों ने बारादरी थाने जाकर विरोध जताया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
चर्चित यूट्यूबर जावेद शोएब हजियापुर का निवासी है। सोमवार शाम वह कार से घर की ओर जा रहा था। चालक अरबाज कार चला रहा था, जावेद बगल की सीट पर बैठा था। मॉडल टाउन चौकी से हजियापुर चुंगी की ओर बढ़ते ही बच्चों के साथ खेल रही चार साल की बच्ची इनाया को जावेद की कार ने कुचल दिया।
कार की जिस साइड से बच्ची दबी वहां से खून का फव्वारा बह निकला जो कार के अंदर तक आ गया। स्थानीय लोगों ने दौड़कर कार को रोक लिया। इसके साथ ही बारादरी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भीड़ के बीच घिरे जावेद और ड्राइवर अरबाज को थाने ले गई।
विज्ञापन
पीछे से बच्ची की मां शबनम और बस्ती के लोग थाने पहुंचे। उन्होंने जावेद व ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। इंस्पेक्टर क्राइम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि परिवार को भरोसा दिलाया गया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। परिवार के साथ आए लोग अब चले गए हैं। मामले में बच्ची के मामा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मुंबई में बढ़ई का काम करते हैं बच्ची के पिता
इनाया तीन भाई बहनों में सबसे छोटी और लाडली थी। उसके पिता फिरासत मुंबई में बढ़ई का काम करते हैं। मां शबनम घर पर रहकर बच्चों की परवरिश कर रही हैं। घटना के वक्त बच्ची पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। शबनम ने पति को बेटी की मौत की सूचना दी तो वह मुंबई से निकल गए हैं।
कॉमेडी वीडियो के लिए चर्चित है जावेद
हजियापुर का जावेद यूट्यूब पर काफी प्रसिद्ध है। उसके लाखों फालोवर्स हैं। जावेद और उसके दोस्त यूट्यूब पर कॉमेडी के वीडियो बनाते हैं। जावेद अक्सर नकारात्मक किरदार निभाता है। जावेद छोटे मोटे कार्यक्रमों में भी शामिल होता है।
अरबाज पर कराई रिपोर्ट
इनाया के मामा इमरान ने बारादरी थाने में रिपोर्ट कराई, जिसमें अरबाज को टक्कर मारने का आरोपी बताया गया है। आरोप है कि घटना के दौरान कार में यू ट्यूबर जावेद और शोहिब भी बैठे थे। अरबाज टक्कर मारने के बाद कार लेकर फरार हो गया। कार जावेद के साथी शोहिबकी बताई जा रही है। जांच में समाने आया है कि कुछ दिन पहले भी यूट्यूबर जावेद पर मारपीट का केस दर्ज हुआ था।