प्राचार्य ने 13 मार्च को बुलाई है सभी शिक्षकों की बैठक
बरेली। बरेली कॉलेज में 16 मार्च से शुरू हो रहीं सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान कक्षाओं के संचालन को लेकर छात्र-छात्राएं असमंजस में हैं। इसे लेकर शिक्षक भी दुविधा में हैं, क्योंकि परीक्षा के दौरान उन्हें कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी भी करनी है। उन्होंने प्राचार्य के सामने मामला रखा है। प्राचार्य ने इस पर आम सहमति से निर्णय के लिए 13 मार्च को शिक्षक संघ और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक बुलाई है।
बरेली कॉलेज में 16 मार्च से परीक्षाएं शुरू हो रहीं हैं। इनमें करीब पांच हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। ज्यादातर शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल विहीन संपन्न कराने में लगेगी। ऐसे में कक्षाओं के संचालन को लेकर असमंजस है। प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन ने सभी शिक्षकों की 13 मार्च को बैठक बुलाई है। इधर, परीक्षाओं के लिए फार्म जमा करने का सिलसिला भी जारी है। कॉलेज में अभी मुख्य परीक्षा के संस्थागत फार्म जमा किए जा रहे हैं। 10 मार्च यानी बुधवार दोपहर दो बजे के बाद से निजी फार्म भी जमा होने शुरू हो गए हैं। इसकी वजह से काउंटर पर भारी संख्या में विद्यार्थी उमड़ रहे हैं। उधर, एलएलबी समेत अन्य विभागों में कक्षा संचालन के लिए शेड्यूल भी तैयार हो रहा है।