बरेली। बरेली कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई का सपना देख रही छात्राओं को कॉलेज प्रशासन ने झटका दे दिया है। कम आवेदन के चलते छात्रावास अब अगले सत्र से शुरू किया जाएगा।
बरेली कॉलेज में गर्ल्स हॉस्टल पिछले कई साल से बंद पड़ा है, जिसके चलते दूर दराज की छात्राओं को शहर में अन्यत्र किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। छात्र संगठन लगातार छात्रावास शुरू कराने की मांग कर रहे थे। ऐसे में कॉलेज प्रशासन ने चालू शैक्षिक सत्र 2019-20 से इसे शुरू करने का निर्णय लिया। छात्रावास की मरम्मत कराकर इसे रहने योग्य बना दिया गया। लेकिन कॉलेज में बार-बार होने वाले हुड़दंग के चलते इसके आवेदन मांगने में देरी हो गई। परिणामस्वरूप काफी प्रयास के बावजूद सिर्फ दस छात्राओं ने ही हॉस्टल में रहने के लिए आवेदन किया। इतनी कम छात्राओं की हॉस्टल फीस से वहां खानपान समेत अन्य व्यवस्थाएं होती न देख अब कॉलेज प्रशासन ने इस सत्र से हॉस्टल संचालन से हाथ खड़े कर लिए हैं। हॉस्टल वार्डन डॉ. नीलम गुप्ता ने बताया कि जिन छात्राओं ने सौ रुपये देकर हॉस्टल के लिए आवेदन किया था, उनकी फीस वापस की जा रही है। अब हॉस्टल आगामी शैक्षिक सत्र से शुरू किया जाएगा।