बरेली। वरिष्ठता दरकिनार कर डॉ. अनुराग मोहन को बरेली कॉलेज में प्राचार्य का चार्ज देने को लेकर निवर्तमान प्राचार्य भी लपेटे में आ गए हैं। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करा दी है। बृहस्पतिवार को उन्होंने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश को बुलाकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। डीएम ने पूछा है कि उन्हें या कमिश्नर को जानकारी दिए बिना ही पूर्व प्राचार्य ने आखिर चार्ज कैसे दे दिया। इसकी जांच होगी और गड़बड़ी मिलने पर उनका वेतन, पेंशन समेत अन्य भुगतान रोका जाएगा। वहीं, डॉ. पूर्णिमा अनिल ने विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल से मिलकर अपना प्रत्यावेदन सौंपा।
पिछले सप्ताह शनिवार को अचानक डॉ. अनुराग मोहन को प्राचार्य पद की जिम्मेदारी सौंप दी गई। हालांकि निवर्तमान प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा का रिटायरमेंट 14 अक्तूबर को है, लेकिन अचानक हुए इस बदलाव पर बरेली कॉलेज में उथल-पुथल मची हुई है। डॉ. पूर्णिमा अनिल वरिष्ठता दरकिनार कर डॉ. अनुराग को चार्ज देने के खुलकर विरोध में आ गई हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल से इस बारे में दोबारा मुलाकात की और प्रत्यावेदन सौंपकर प्राचार्य पद पर अपना दावा पेश किया। कुलपति ने उन्हें नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया है। वहीं, डीएम ने इस मामले को लेकर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को बुलाकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली और जांच के आदेश दिए। डॉ. राजेश प्रकाश अब बरेली कॉलेज के प्राचार्य, प्रबंध कमेटी के सचिव और निवर्तमान प्राचार्य को नोटिस जारी कर इस मामले में उनका पक्ष जानेंगे। डीएम ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है कि निवर्तमान प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने उन्हें या कमिश्नर को जानकारी दिए बिना डॉ. अनुराग को चार्ज कैसे दे दिया।
विश्वविद्यालय को भी नहीं दी प्राचार्य बदलने की सूचना
शनिवार को डॉ. अनुराग मोहन प्राचार्य पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से अब तक इस बारे में विश्वविद्यालय को कोई सूचना नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि कॉलेज प्रशासन मामले को लटकाने के लिए जान बूझकर ऐसा कर रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है।
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। इसमें महत्वपूर्ण यह है कि निवर्तमान प्राचार्य ने कमिश्नर, मुझे या कुलपति को जानकारी दिए बिना चार्ज कैसे दे दिया। गड़बड़ी मिली तो पेंशन समेत अन्य भुगतान रोके जाएंगे।
- वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम
‘डॉ. पूर्णिमा अनिल ने अपना प्रत्यावेदन सौंपा है। कॉलेज की ओर से अब तक प्राचार्य बदलने के संबंध में विश्वविद्यालय को सूचना नहीं दी गई है। नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।’
- प्रो. अनिल शुक्ल, कुलपति
बरेली कॉलेज के मामले को लेकर डीएम को पूरी जानकारी से अवगत करा दिया गया है। डॉ. पूर्णिमा की शिकायत के संबंध में कॉलेज प्राचार्य और प्रबंध कमेटी को नोटिस जारी कर जवाब-तलब करेंगे। - डॉ. राजेश प्रकाश, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी