बरेली। बरेली कॉलेज के गणित विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर से अभद्र व्यवहार के मामले में बुधवार को जांच कमेटी फिर बैठेगी। इस दौरान दोनों ही पक्ष लिखित रूप से अपने बयान कमेटी के समक्ष रखेंगे। उनके बयान का परीक्षण करके कमेटी घटना के दौरान मौजूद अन्य शिक्षकों के भी बयान लेगी।
वरिष्ठता को लेकर मचे घमासान के बीच 11 सितंबर को बरेली कॉलेज के गणित विभाग में विवाद हो गया था। विभाग के चपरासी ने एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आरिफ नदीम की छुट्टी की अर्जी को प्राचार्य के पास पहुंचाने से इनकार कर दिया था। इस पर डॉ. आरिफ ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर नाराजगी जताई और उसे एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूनम के विभागाध्यक्ष पति डॉ. स्वदेश सिंह के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ अन्य बातें भी कही गईं, इससे आहत होकर डॉ. पूनम रो पड़ीं। उनकी शिकायत पर प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने जांच कमेटी गठित कर दी। इसमें विधि विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नसीम अख्तर को संयोजक और डॉ. शुभ्रा कटारा, डॉ. नवनीत कौर, डॉ. वंदना शर्मा व डॉ. सुषमा गौंडियाल को सदस्य बनाया गया। लेकिन डॉ. शुभ्रा कटारा और डॉ. सुषमा गौंडियाल इससे इनकार कर दिया है। अन्य तीन लोगों की कमेटी ने सोमवार को मामले की सुनवाई कर डॉ. पूनम सिंह और डॉ. आरिफ नदीम को नोटिस जारी किए हैं। अब बुधवार को ये लोग अपने लिखित बयान कमेटी को सौंपेंगे। इसके बाद कमेटी विवाद के दौरान मौजूद अन्य लोगों के बयान दर्ज करेगी।