बरेली। बरेली कॉलेज के स्ववित्तपोषित (सेल्फ फाइनेंस) पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के लिए छात्र-छात्राओं के बीच इस बार जबरदस्त होड़ मची हुई है। कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रोफेशनल कोर्सों में सीटों के मुकाबले कई गुना अधिक आवेदन जमा हुए हैं।
सबसे ज्यादा मारामारी बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) कोर्स में देखने को मिल रही है। कॉलेज में बीसीए की कुल 160 सीटें निर्धारित हैं। इनके सापेक्ष अब तक 625 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। तकनीकी और आईटी क्षेत्र में बढ़ते रुझान के कारण युवा इस कोर्स को पहली पसंद बना रहे हैं।
यही स्थिति बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) और बीकॉम ऑनर्स में भी बनी हुई है। बरेली कॉलेज में बीबीए की कुल 240 सीटें हैं। इसके लिए 515 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। वहीं, बीकॉम ऑनर्स की 160 सीटों के मुकाबले 327 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है।
वहीं विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू कर दिया गया है। दूसरे चरण में विद्यार्थी 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि स्वरोजगार और कॉर्पोरेट सेक्टर में बढ़ती नौकरियों के अवसरों के कारण छात्र पारंपरिक स्नातक पाठ्यक्रमों की तुलना में इन व्यावसायिक कोर्सों को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। बड़ी संख्या में आवेदनों चलते इस बार प्रवेश प्रक्रिया काफी चुनौतीपूर्ण होगी। मेरिट भी ऊंची रहेगी।