बरेली। बरेली कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर चल रही छात्रनेताओं की भूख हड़ताल मंगलवार को खत्म हो गई। जिला प्रशासन की मध्यस्तता के बाद छात्रनेता हड़ताल खत्म करने को राजी हो गए। प्रशासन ने तीन-चार दिन में शासन से जवाब आने के बाद चुनाव कराने का आश्वासन दिया है।
छात्रनेता अवनीश चौबे और रोहित यादव शनिवार से भूख हड़ताल पर बैठे थे। मंगलवार को एडीएम सिटी आलोक कुमार, एसपी सिटी समीर सौरभ ने छात्रों और प्राचार्य डॉ. आरबी सिंह से बातचीत की। छात्रों ने कहा कि सालभर से बरेली कॉलेज सिर्फ आश्वासन दे रहा है। एडीएम सिटी आलोक कुमार ने कहा कि डीएम की ओर से शासन को पत्र भेजकर दिशा-निर्देश मांगे गए हैं। वहां से कोई निर्देश मिलने के बाद चुनाव करा दिए जाएंगे। इसके बाद एडीएम सिटी आलोक कुमार और एसपी सिटी समीर सौरभ ने छात्रों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल खत्म कराई। इस मौके पर विशाल यादव, सुमित यादव, शिवांश, विजय श्रीवास्तव, शैलेश भास्कर, राज प्रताप, सचिन राज शर्मा, हिमांशु यादव, विराट, फैज मोहम्मद, इमरान अंसारी, आशुतोष शर्मा आदि मौजूद रहे।