सील किए बिहारीपुर में चहलकदमी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
पुलिस बैरिकेडिंग पर तैनात, अंदर पास बैठकर गपशप और सड़कों पर सैरसपाटा
बरेली। बिहारीपुर करोलान के हालात का इशारा समझा जाए तो यही है कि पुलिस-प्रशासन के लिए शहर को कोरोना से बचाए रखने की जिम्मेदारी सिर्फ नौकरी की रस्मअदायगी भर रह गई है। कहने को इस मोहल्ले में चार सौ मीटर का दायरा हॉटस्पॉट घोषित है लिहाजा बेवजह कोई घर से बाहर तक नहीं निकल सकता लेकिन सोमवार को नजारा यह था कि लोग एक तरफ लॉकडाउन की सामान्य पाबंदियों की धज्जियां उड़ा रहे थे और दूसरी तरफ पुलिस बैरीकेडिंग के बाहर तमाशबीन की तरह खड़ी थी।
मुंबई से तीन दिन पहले बिहारीपुर करोलान लौटे दो भाइयों में एक संक्रमित मिला है। संक्रमित युवक अपने घर तो नहीं गया लेकिन उसने अपना सारा सामान छोटे भाई के हाथ घर भिजवाया था। इसी वजह से परिवार के और लोगों में भी संक्रमण फैलने की आशंका के तहत स्वास्थ्य विभाग की संस्तुति पर उनके घर के चार सौ मीटर के दायरे में हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया था। सोमवार को अमर उजाला की टीम इलाके का जायजा लेने पहुंची तो पुलिस वालों ने बैरीकेडिंग पर ही रोक लिया। मगर हॉटस्पॉट के बाहर से ही जो नजारा दिख रहा था, वह काफी चौंकाने वाला था। कहीं लोग पूरी बेतकल्लुफी से एक-दूसरे के साथ बैठे थे तो कहीं समूह में आते-जाते दिख रहे थे। खुले चेहरों के साथ सामाजिक दूरी की भी खुलकर धज्जियां उड़ रही थीं।
बैरिकेडिंग पर मौजूद पुलिस वालों ने बताया कि वे लगातार लोगों को समझा रहे हैं मगर कोई मानने को तैयार नहीं है। कभी-कभी वे डांट-फटकार करने के साथ लाठी भी फटकारते हैं लेकिन फिर लोग बेपरवाह हो जाते हैं।
श्यामगंज में एसीएम के आने-जाने के साथ अब घटती-बढ़ती है भीड़
बरेली। ईद नजदीक आने के साथ श्यामगंज बाजार में फुटकर खरीददारी शुरू हो गई है जिसकी वजह से यहां एकाएक भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को एसीएम के पहुंचने के बाद पुलिस ने डंडे फटकारे तो कुछ देर के लिए भीड़ तितरबितर हो गई और दुकानदारों ने भी ग्राहकों से हटने को कहना शुरू कर दिया लेकिन कुछ ही देर बाद फिर दुकानों पर भीड़ जम गई। लोगों ने बताया कि कई दिनों से एसीएम के आने और जाने के बाद श्यामगंज का माहौल ऐसे ही बदलता है। उधर, रैली गोदाम में भी आम दिनों जैसी भीड़ दिखाई दी। अफसरों ने रस्मअदायगी के लिए थोड़ा-बहुत डांट-फटकार की और फिर चलते बने।