बरेली। अगर बैंक संबंधी आपका कोई काम लंबित है तो उसे 30 जनवरी यानी गुरुवार को ही निपटा लें, क्योंकि बैंक कर्मी विभिन्न मांगोें को लेकर शुक्रवार और शनिवार को हड़ताल पर रहेंगे। अगले दिन रविवार अवकाश होगा। लिहाजा बैंक सोमवार तीन फरवरी को ही खुलेंगे।
यूनाइटेड ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक दिनेश सक्सेना ने एसबीआई अंचल कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि करीब 27 माह से वेतन समझौता और पेंशन आदि मामले लंबित हैं। प्रबंधन और सरकार इस पर गंभीर नहीं है, लिहाजा लंबित मांगों को लेकर 31 जनवरी और एक फरवरी को देशव्यापी हड़ताल होगी। पहले दिन यानी 31 जनवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से स्टेट बैंक मुख्य शाखा पर प्रदर्शन और सभा होगी। इस मौके पर अधिकारी संघ के ओपी वढे़रा ने कहा कि पांच दिन के वर्किंग वीक की मांग लंबे समय से की जा रही है किंतु आईबीए के नकारात्मक रवैये से मामला तय नहीं हो पा रहा है।