बरेली। बदायूं रोड पर शिव स्वयंवर शादी हाल के सामने कार टकराने को लेकर दो बारातों के बाराती भिड़ गए। इस दौरान शादी हाल पर शिवसैनिकों ने जमकर पथराव किया। कारों और बाइकों को तोड़ डाला। शादी हाल के अंदर घुसकर तोड़फोड़ करके दहशत फैला दी। कार सवार युवक जो नेशे में था जान बचाने के लिए फायरिंग कर दी। पथराव और फायरिंग के दौरान छह लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने शिवसेना नेता पंकज पाठक के भाई राजीव पाठक को हिरासत में ले लिया है।
रविवार को शिव स्वयंवर शादी हाल में शाहजहांपुर के टीटीई की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शिवसेना नेता पंकज पाठक के बड़े भाई शिव कुमार पाठक की बारात चौरासी घंटा से चढ़ती हुई त्रिमूर्ति शादी हाल की तरफ जा रही थी। शिव स्वयंवर शादी हाल के सामने से जैसे ही बारात गुजरी वहां खड़ी एक कार से उनकी कार टकरा गई। उस कार में नशे में धुत एक युवक बैठा था। शिवसेना नेता के भाई की बारात में आए लड़कों ने कार में सवार युवक पर महिलाओं से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए टूट पड़े। वह कार से निकलकर जान बचाने को फायर करता हुआ शिव स्वयंवर शादी हाल में पहुंच गया। आरोप है पंकज के भाई के बारातियों ने शादी हाल में घुसकर उसे पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने शादी हाल में खड़ी कारों और बाइकों पर पथराव कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। विरोध में शिव स्वयंवर शादी हाल की तरफ से भी पथराव होने लगा। इस दौरान शिव स्वयंवर शादी हाल के बारातियों ने पंकज के भाई राजीव को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट और पथराव में बिहारीपुर निवासी मुकेश और कुतुबखाना का निवासी बेंटेश्वर सिंह समेत दोनों बारातों के छह लोग जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। सीओ स्नेहलता भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पंकज के भाई राजीव को हिरासत में ले लिया है। एसओ जेपी यादव ने बताया कि कार टकराने को लेकर दो बारातों के लोगों में विवाद होने पर पथराव हो गया था। मामले में दोनों पक्षों की बात सुनकर जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिवसेना नेता के भाई की बारात में आए लोगों ने उनके यहां बिना वजह पथराव करके लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। वह इस मामले में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखाएंगे- राजेश गुप्ता- मालिक, शिव स्वयंवर शादी हाल
कार में सवार नशे में धुत युवक उसके भाई की बारात में चल रही महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था। विरोध करने पर उसने कार से निकलकर फायरिंग शुरू कर दी और भागता हुआ शिव स्वयंवर शादी हाल में घुस गया। वहां से उनकी बारात के ऊपर पथराव कर दिया गया। इस दौरान हमारे कई बाराती जख्मी हुए हैं- पंकज पाठक, शिवसेना नेता