गौटिया एजाज नगर में बिन बारिश के तालाब बना इलाका, बीमारियों का खतरा
- फोटो : गौटिया एजाज नगर में बिन बारिश के तालाब बना इलाका, बीमारियों का खतरा
इलाकों में नगर निगम की बदइंतजामी लोगाें पर भारी पड़ रही है। एजाज नगर में पिछले दो माह से दोनों नाले भरे हुए हैं। इसका गंदा पानी सड़क पर आ गया है जिससे जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। ऐसा लग रहा है जैसे बारिश के बाद इलाके में पानी भर गया हो। यहां मच्छर पैदा हो रहे हैं और बीमारियों का खतरा है।
गौटिया एजाजनगर मुस्लिम बहुल इलाका है। रमजान के महीने में लोगों को गंदे पानी से निकलकर जाना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद निगम कर्मी सफाई करने तो पहुंचे लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि 300 मीटर नाला पीलीभीत बाईपास पर मिलता है। यह नाला काफी गहरा है। इसके ऊपर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। कुछ ने स्लैब बिछाई है तो कुछ दुकान चला रहे हैं। इससे सफाई भी पूरी तरह नहीं हो पाती है। इलाके के लोगों का कहना है कि निगम की नाला सफाई कई बार आ चुकी है लेकिन एक बार कूड़ा निकालने के बाद चली जाती है। इस समय पूरे इलाके में पानी के जलभराव से लोगाें को काफी परेशानी है। गंदगी से बीमारियाें का खतरा भी गर्मी में मंडरा रहा है। यहां के मुशर्रफ अंसारी ने बताया कि नालों पर अतिक्रमण होने से इसकी सफाई नहीं होती, जिसकी वजह से नाले का पानी सड़क पर आ जाता है। अभी भी पानी सड़क पर ही है और मच्छर पनप रहे हैं।
कई बार प्रयास करके सफाई का इंतजाम कराया गया लेकिन पूरी तरह सफाई नहीं हो पाई है। नाले की समस्या बड़ी है इसलिए अवस्थापना निधि से 30 लाख रुपये का नाला बनाया जाना है। अभी काम शुरू नहीं हुआ है पैसा पास हो गया है।
मेराज अंसारी, पार्षद