पिछले साल हमने तगड़ा नुकसान झेला है। शादी में सीमित बरातियों की पाबंदी के बाद लोगों ने बैंड-बाजे का बजट भी कम कर दिया। कई लोगों ने बुकिंग रद्द करा दी। इस बार भी सहालग शुरू होने से ऐन पहले रात का कर्फ्यू लगने से पिछले साल जैसे हालात बन गए हैं। हम कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए काम करने को तैयार हैं। प्रशासन से अपील है कि कर्फ्यू 11 बजे से लगाया जाए। - शाहिद हुसैन, अध्यक्ष बैंड ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन
रात का कर्फ्यू लगने की घोषणा होने के बाद से लगातार लोगों के फोन आ रहे हैं। होटलों और बरातघरों से भी हमें फोन आ रहे हैं। आगे की स्थिति बहुत साफ नहीं है इससे लोग डरे हुए हैं। उन्हें चिंता है कि इन हालात में शादी कर भी पाएंगे या नहीं। यदि किसी से कहो कि अनुमति का देखेंगे तो उसका साफ जवाब होता है, वह आप देख लीजिएगा। उससे हमारा कोई लेना देना नहीं है। इससे समस्याएं आ रही हैं। - साजिद हुसैन, बैंड मास्टर
पिछले साल लॉकडाउन के कारण हमने कई समस्याओं का सामना किया। अब तक तंगी से जूझ रहे हैं। सोचा था कि इस साल वैक्सीन आ गई तो हालात पहले से बेहतर होंगे लेकिन फिर वही समस्याएं आनी शुरू हो गई हैं। लोग लगातार फोन कर आगे की स्थिति के बारे में पूछ रहे हैं। फिलहाल सभी से यही कह रहे हैं कि कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए कार्यक्रम कर लेंगे। - समीर, बैंड मास्टर
थोक और फुटकर दुकानदारों ने माल खरीदकर जमा करना शुरू कर दिया है। यह रात के कर्फ्यू की घोषणा होने के बाद हुआ है। हालांकि लोगों को हम यहीं बता रहे हैं कि अगर पूर्ण लॉकडाउन की स्थिति बनी भी तो प्रशासन जरूरी वस्तुओं की दुकानों को बंद नहीं कराएगा। लिहाजा परेशान न हों, लेकिन लोग लॉकडाउन लगने के डर से माल खरीद कर रहे हैं। - अश्विनी चौरसिया, श्यामगंज
पिछले साल जब लॉकडाउन लगा तो दुकानों पर माल ही नहीं था। ऐसे में बहुत ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब फिर से माहौल खराब हो रहा है तो रोजाना जितनी खरीद करते हैं, उससे थोड़ी ज्यादा कर रहे है। दूसरी बात यह भी है कि वैसे तो रोजाना बाजार आना पड़ता है लेकिन कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है तो रोजाना आने से बचने के लिए भी कुछ जरूरी वस्तुओं की खरीद अधिक कर ली है। - राजाराम, पीलीभीत रोड, फुटकर विक्रेता
हैंडलूम और हौजरी का कारोबार सबसे अधिक सहालग में ही होता है। दुकानदार सहालग को देखते हुए ही माल स्टॉक करते हैं। इस बार भी किया है लेकिन अभी नाइट कर्फ्यू ने चिंता बढ़ा दी है। इससे दुकानदारी पर खासा असर बढ़ेगा। उम्मीद करते हैं कि लॉकडाउन न बढ़ाया जाए और स्थितियां जल्द सामान्य हो जाएं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हैंडलूम व्यापार से जुड़े लोग बर्बादी की कगार पर आ जाएंगे। - राजेश छाबड़ा, शास्त्री मार्केट