भोजीपुरा। कांवड़ियों के जत्थे के साथ हरिद्वार में गंगाजल लेने गया 19 वर्षीय युवक गंगा नदी में 26 जुलाई को डूब गया। अब तीन दिन बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है।
थाना क्षेत्र के गांव सेड़ा निवासी नरेश गंगवार का इकलौता पुत्र प्रियांशु गंगवार 23 जुलाई को गांव के कांवड़ियों के साथ हरिद्वार में गंगा जल लेने के लिए गया था। परिजनों ने बताया कि 26 जुलाई को विष्णु घाट पर सभी साथियों के साथ गंगा में स्नान करने के लिए प्रियांशु भी गया था। परिजनों ने बताया कि प्रियांशु गंगा की तेज धार में बह गया। साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। हरिद्वार के गोताखोरों ने भी प्रयास किया।
परिजनों के मुताबिक प्रियांशु घर में दो बहनों के बीच अकेला भाई था। वह बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र है। सोमवार को पिता नरेश गंगवार ने हरिद्वार में पुलिस को तहरीर दी है। संवाद