बहेड़ी। सावन माह के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कई मंदिरों के बाहर भोर से ही कतारें लगी नजर आईं।पट खुलते ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। हरिद्वार और कछला से कांवड़ लेकर आने वालों ने भी जल चढ़ाया।
कांवड़ियों का क्षेत्र में जगह-जगह स्वागत भी किया गया। एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने सुबह तड़के नैनीताल रोड स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दो जगह खुले यू टर्न को बंद कराया। कांवड़ियों के लिए एक लेन को खाली रखने के निर्देश यहां तैनात पुलिसकर्मियों को दिए।
सिरौली के मोहल्ला साईदान स्थित ढाहे वाले प्राचीन शिव धाम में भी सुबह से भी श्रद्धालु कतार में लगे दिखे। बैंड-बाजे के साथ कांवड़िये जुलूस की शक्ल में अभिषेक करने पहुंचे। लीलौर गांव स्थित तपेश्वर नाथ धाम में कछला, ब्रजघाट, हरिद्वार आदि जगहों से कांवड़ लाने वालों ने जल चढ़ाया। कछला से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों ने गुलड़िया गौरीशंकर के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक किया।
नवाबगंज के गांव ईध जागीर के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक करने वालों की भीड़ रही। डीजे की धुन पर झूमते हुए पहुंचे कांवड़ियों ने जल चढ़ाने के बाद पूजा-अर्चना की।
सुबह से शुरू हो गया जलाभिषेक का सिलसिला
मीरगंज। सावन माह के तीसरे सोमवार को सुबह से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। समसपुर, कपूरपुर, हुरहुरी, नगरिया सादात आदि गांवों में शिवालयों में जलाभिषेक किया गया। दुनका में कांवड़ यात्रा निकलते समय जाम के हालात रहे। संवेदनशील गांव होने की वजह से यहां पुलिस बल भी मुस्तैद रहा।
सुल्तानपुर गांव के कांवड़िये भजनों पर झूमते हुए हरिद्वार से जल लेकर पहुंचे। कुरतरा के महंत सुनील गंगवार की अगुवाई में करीब 30 कावड़ियों ने खिरका कांवड़िया मंदिर और शाही रोड पर स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। राधा-कृष्ण मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, अगरास गांव के मंदिर में सुबह से पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। शाही के सिद्ध बाबा मंदिर में हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर आए कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। नगर पंचायत अध्यक्ष वीरपाल मौर्य सहित कस्बे के कई लोगों ने पुष्पवर्षा से शिवभक्तों का स्वागत किया। मीरगंज चीनी मिल में रुद्राभिषेक किया गया। यहां यूनिट हेड संजय कुमार श्रीवास्तव के साथ अरविंद गंगवार, जय गोपाल चावला, सुमोध सिंह, संजय कुमार सिंह, नवीन श्रीवास्तव, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद