बरेली में 26 सितंबर को शहर में हुए बवाल और पुलिस टीम पर हमले के मामले में विभिन्न अदालतों ने 25 आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपियों के परिजन इस मामले में अपील के लिए कानूनी राय ले रहे हैं।
बवाल के आरोपी अरबाज कुरैशी, फैसल, मोहसिन,अरशद, जैनुल, मोहम्मद आजम, मुस्तकीम, रिजवान, शमशाद, साकिब, मोबिन शाह, ताजिम, तोहीन तथा उम्मीद ने एडीजे पांच कोर्ट में जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। न्यायालय ने सभी की जमानत खारिज कर दी। वहीं किला बाजार संदल खां निवासी हस्सान की जमानत सीजेएम कोर्ट में प्रस्तुत की गई थी। कोर्ट ने उसकी जमानत भी खारिज कर दी। बवाल के आरोपी सलमान, जुबैर, अफरोज, रिहान, अदनान, कोहिनूर, शाहिद अहमद, फरहान, अहमद रजा, हसन की जमानत एडीजे पांच कोर्ट से निरस्त की जा चुकी है।
वांछित आरोपियों की तलाश
बवाल के बाद पुलिस ने तेजी से गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की तो कुछ खुराफाती शहर छोड़कर भाग गए। इनमें से कुछ शहर या आसपास ही भूमिगत हो गए। इनमें कई वांछितों पर इनाम घोषित कर दिया गया है। वहीं कई आरोपी पुलिस की सेटिंग से अपने इलाकों में देखे जा रहे हैं। कई आरोपी हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने की जुगत में हैं।
इनमें बरातघर मालिक वाजिद बेग व आईएमसी की युवा विंग का अध्यक्ष अत्ममश आदि आरोपी शामिल हैं। इन पर फिलहाल 15हजार रुपये का इनाम है, ये धनराशि जल्द ही बढ़ाई जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक जिन खुराफातियों की संपत्ति सील हुई है वह अपनी सील खुलवाने के लिए संबंधित संस्था से संपर्क कर रहे हैं। बवाल के कई आरोपी इस बात की भी सेटिंग कर रहे हैं कि उनकी दूसरी संपत्ति सील न हो।