रहपुरा रोड पर दो बाइक पर सवार पांच लुटेरों ने की वारदात, रिपोर्ट दर्ज
फतेहगंज पश्चिमी। ऋण की किस्तें वसूलकर लौट रहे बाइक सवार प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मियों से सोमवार रात रहपुरा रोड पर लूट हो गई। पीछे से आए दो बाइकों पर सवार पांच लुटेरों ने 1.20 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। मंगलवार को पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रामपुर जिले के गांव हरदुआ निवासी लालाराम ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि वह क्योलड़िया के गांव अभयपुर निवासी सुनील के साथ भारत फाइनेंस कंपनी की तरफ से गांव-गांव जाकर ऋण बांटते हैं। खुद ही किस्तों की वसूली भी करते हैं। सोमवार रात वह गांव मीरापुर और रहपुरा से वसूली करके बाइक से लौट रहे थे।
रहपुरा से फतेहगंज पश्चिमी जाने वाली सड़क पर पीछे से आए लुटेरों ने दोनों के बीच में रखे बैग को लूट लिया। इसके बाद वे रहपुरा की ओर भाग गए। पीड़ितों ने बताया कि उनके बैग में रुपयों के अलावा एक टैबलेट और दो मोबाइल फोन भी थे। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। सीसी कैमरे से फुटेज देखी जा रही है। किस्त को लेकर इनका किसी ऋणी से झगड़ा हुआ था। उसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन रखकर किस्त के पैसे दिए थे। जल्द लूट का खुलासा होगा। संवाद