कोरोना संक्रमण न्यूनतम स्तर पर आने के बाद प्रभारी डीआईजी जेल ने रेंज की जेलों में कोरोना संक्रमण के आंकड़े निकलवाए हैं। कोरोना से बरेली जिला जेल में सबसे कम और बदायूं जेल में सबसे ज्यादा बंदी संक्रमित हुए हैं।
बरेली जेल के अधिकारियों का कहना है कि यहां योग और खेल आदि गतिविधियों की वजह से बंदियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी होने से कोरोना का असर कम रहा। डीआईजी जेल के अधिकार क्षेत्र में आने वाली जेलों में बरेली जिला जेल में सबसे कम बंदियों यानी अब तक कुल 30 को कोरोना हुआ, लेकिन सभी स्वस्थ हो गए।
बदायूं जेल में 195 बंदियों को कोरोना हुआ। पीलीभीत जेल में 185, शाहजहांपुर जेल में 124, रामपुर जेल में 149, बिजनौर जेल में 132 बंदी कोरोना की चपेट में आए थे। मुरादाबाद जेल में 51 बंदियों को कोरोना हुआ, इनमें 40 स्वस्थ हो चुके हैं और 11 बंदियों का उपचार अभी जारी है।
बरेली जिला जेल में कोरोना संक्रमण सबसे कम और बदायूं में सबसे ज्यादा रहा था। हालांकि अब जेलों में कोरोना संक्रमण न के बराबर है। बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जा रही है। अब सामान्य बीमारियां ही सामने आ रही हैं। उनका उपचार कराया जाता है।
-आरएन पांडेय, प्रभारी डीआईजी जेल
जिला जेल में बंदियों को योग, व्यायाम कराने के साथ ही उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले पदार्थ दिए जा रहे हैं। यहां पहले रामलीला मंचन और अब क्रिकेट लीग से उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति दुरुस्त रखने की कोशिश की जा रही है। शायद इसीलिए यहां ज्यादा बंदी कोरोना की चपेट में नहीं आए।
-विजय विक्रम सिंह, अधीक्षक जिला जेल