Baba to meet CM Detained in Malkhan Giri Station
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए निकले अलखनाथ मंदिर की शाखा बहेड़ी बांसीमठ के महंत बाबा मलखान गिरी के थाने पहुंचने पर उन्हें नजरबंद कर लिया गया। वह अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे।
रविवार सुबह करीब दस बजे बाबा मलखान बरेली जाने के लिए निकले। इसी दौरान वह किसी काम से थाने पहुंच गए। उन्होंने इंस्पेक्टर अमर नाथ वर्मा से मुलाकात की तो इंस्पेक्टर ने उन्हें थाने में ही बैठा लिया। कुछ देर बाद उन्हें एक लग्जरी कार से देवरनियां थाने भिजवा दिया। देवरनियां पुलिस ने सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक बाबा मलखानगिरि को थाने में नजरबंद रखा। शाम को बाबा को छोड़ दिया गया।
बाबा मलखान गिरि ने बताया कि वह अलखनाथ मंदिर के पूर्व महंत धर्म गिरि के शिष्य व उनके वारिस हैं। इस आधार पर अलखनाथ मंदिर की गद्दी पर उनका अधिकार है, जबकि प्रशासन ने दूसरे बाबा को गद्दी पर बैठा दिया है। वह बरेली प्रशासन से लंबे समय से अपने अधिकार मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी नहीं सुन रहा है। बाबा मलखान ने कहा कि अब वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री जी से मिलेंगे और अपने साथ हुए गलत व्यवहार की भी शिकायत करेंगे।