बरेली। बाबा महाकाल पालकी सेवा ट्रस्ट की ओर से सोमवार को बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। सेठ गिरधारी लाल मंदिर, श्यामगंज से यात्रा की शुरुआत हुई।
यात्रा में बाबा महाकाल नंदी स्वरूप धारण किए हुए भक्तों के कंधों पर बारह ज्योतिर्लिंग से अंकित अपनी चांदी की पालकी में सवार होकर निकले। उनके साथ मां अन्नपूर्णा व काशी कोतवाल भगवान भैरवनाथ भी अपने-अपने सिंहासन पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दे रहे थे।
यात्रा का शुभारंभ ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल और महामंत्री अनुराग अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। पंडित भगवती नंदन शास्त्री आदि ने वैदिक मंत्रों से पूजा-अर्चना की। इसके बाद पालकी धारण करने वाले भक्तों को जनेऊ, भस्म, चंदन व रुद्राक्ष माला धारण कराई गई।
साहू गोपीनाथ, शिवाजी मार्ग, बांस मंडी, सिकलापुर, रोडवेज से चौकी चौराहा और बरेली कॉलेज से कालीबाड़ी होते हुए वापस मंदिर आकर यात्रा संपन्न हुई। यात्रा का रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।
प्रमुख व्यापार मंडलों और व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों से पालकी का स्वागत किया। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और डॉ. विनोद पागरानी ने बाबा महाकाल की आरती उतारी। मीडिया प्रभारी प्रमोद रघुवंशी ने बताया कि यात्रा का मुख्य आकर्षण प्रेरणादायी झांकियां रहीं।
इसके साथ ही नासिक बैंड, डमरू दल और श्री रामानुज सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं का घोष आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। यात्रा के दौरान विवेक मिश्रा, पंकज दत्त, प्रसून सिंह, राजकिशोर कश्यप, अनूप गोयल आदि मौजूद रहे।