बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के प्रवेश पत्र 25 जून से डाउनलोड होंगे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर यह सूचना दी है। प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को आयोजित करेगा। परीक्षा संबंधी कई और महत्वपूर्ण तिथियां भी वेबसाइट के जरिए सार्वजनिक की हैं।
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए 18 अप्रैल से लेकर 20 मई तक आवेदन मांगे गए थे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय को 6.69 लाख आवेदन मिले हैं। आवेदनों की संख्या अधिक होने के कारण विश्वविद्यालय ने उसी हिसाब से 1,598 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। बरेली में भी 30 केंद्र शामिल हैं। आवेदनों की जांच कराई और भारांक चेक करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय ने प्रवेश पत्र जारी करने का निर्णय लिया है। 25 जून से विद्यार्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा का रिजल्ट जारी करने की संभावित तिथि पांच अगस्त बताई गई है।
बीएड प्रवेश परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी करने का अभ्यास किया गया। तकनीकी एजेंसी ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों के सामने इसका प्रदर्शन किया। वहीं वीसी प्रो. केपी सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की और परीक्षा की तैयारियों की प्रगति जानी। परीक्षा केंद्रों पर नोडल अधिकारी भेजे जाएंगे, जिनके नामों को भी अंतिम रूप दिया गया। वीसी ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली जाएं। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए पानी आदि की उचित व्यवस्था हो।