बीएड की राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने हर जिले में दो प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी है। लखनऊ, गोरखपुर और प्रयागराज में तीन-तीन प्रतिनिधि रहेंगे। बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय में इनकी बैठक की गई। 34 प्रतिनिधियों की बनाई गई टीम शुक्रवार को परीक्षा कराने के लिए रवाना हो जाएगी। वहीं, कुछ कर्मचारी ड्यूटी को लेकर विरोध कर रहे हैं, उनका कहना है कि जिम्मेदारों ने अपने चहेतों की ड्यूटी लगाई है।
इस बार रुहेलखंड विश्वविद्यालय को बीएड की राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी मिली है। 15 अप्रैल को 15 जिलों में 1216 परीक्षा केंद्रों पर छह लाख से अधिक परीक्षार्थी प्रवेश परीक्षा देंगे। इसको लेकर बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल, कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. संजय मिश्रा, प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. बीआर कुकरेती ने परीक्षा कराने के लिए विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों की बैठक की। प्रो. कुकरेती ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने हर जिले में दो प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी है। लखनऊ, गोरखपुर और प्रयागराज में तीन-तीन प्रतिनिधि रहेंगे। शुक्रवार को यह सभी प्रतिनिधि यहां से रवाना होकर शनिवार को हर जिले में मीटिंग करेंगे। कोई समस्या होने पर कुलपति, कुलसचिव या मुझे अवगत कराएंगे।
ड्यूटी को लेकर कर्मचारियों में विरोध
बीएड परीक्षा में कुछ चहेते कर्मचारियों को ड्यूटी लगाने को लेकर विरोध की स्थिति बन रही है। इसके चलते विश्वविद्यालय के कर्मचारी परीक्षा का बहिष्कार करने की धमकी भी दे रहे हैं। इन लोगों ने शुक्रवार को कुलपति से मुलाकात करने की बात कही है।