रबर फैक्टरी मैदान में आठ दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, अजीम चुने गए मैन ऑफ द मैच
फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के पास खाली पड़ी बंद रबर फैक्टरी के मैदान में आठ दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला और नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम ने फीता काटकर किया। टूर्नामेंट में कस्बा और आसपास के गांवों की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
पहले दिन अगरास की आजाद क्रिकेट क्लब और कस्बे की नेचुरल स्टार टीम के बीच मैच हुआ, जिसमें आजाद क्रिकेट क्लब ने 16 रन से जीत दर्ज की। आयोजक हारून चौधरी के मुताबिक, आजाद क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 10 ओवर में 9 विकेट खोकर 79 रन बनाए। अजीम ने 7 गेंदों में 17 रन और कप्तान रिजवान ने 7 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए।
जवाब में नेचुरल स्टार टीम कप्तान मो. सैफ की अगुवाई में 10 ओवर में 8 विकेट पर 63 रन ही बना सकी। कोई भी खिलाड़ी बड़ा स्कोर नहीं बना पाया। 17 रन बनाने और 3 विकेट लेने वाले अजीम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम ने विजयी टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मो. शाहिद अंसारी, हारून चौधरी, सभासद शराफत हुसैन आदि मौजूद रहे।