बरेली। लग्जरी कारों के साथ महंगी बाइक उठाने वाले ऑटोलिफ्टर गैंग के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भोजीपुरा पुलिस ने इनकी निशानदेही पर छह कार और तीन बुलेट बाइक बरामद की हैं। गैंग का सरगना संभल का पूर्व सभासद हसीब बताया जा रहा है। बाकी आरोपियों में एक तथाकथित पत्रकार और बहेड़ी इलाके का ग्राम प्रधान भी शामिल हैं। पुलिस गैंग के आठ सदस्यों को फरार होना बता रही है।
भोजीपुरा पुलिस ने चार दिन पहले गाड़ियां चुराने वाले दो लोगों को पकड़ने के बाद ऑटोलिफ्टर गैंग के दूसरे सदस्यों को पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ दबिशें दी थीं। शनिवार दोपहर एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने पुलिस लाइन में मीडिया को बताया कि एक सूचना पर सैदपुर चुन्नीलाल गांव में मेंथा प्लांट के पास इंस्पेक्टर भोजीपुरा मनोज त्यागी की टीम ने छापा मारकर गैंग के पांच लोग पकड़ लिए। इनमें मुंशी नगर निवासी तथाकथित पत्रकार इब्ने अली, इज्जतनगर के मोरनिया गांव का नंदराम, चावड़ का अमन कुमार, परतापुर जीवन सहाय का फरहद व जाटवपुरा का अकरम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक संभल के मियां सराय निवासी पूर्व सभासद हसीब, भोजीपुरा के बिबियापुर का महेंद्र सिंह व देवेश, बहेड़ी के नजरगंज का प्रधान प्रेमप्रकाश, सैदपुर चुन्नीलाल का हाशिम और अजमल, स्टेशन रोड नवाबगंज का संदीप उर्फ सोनू राठौर व पुन्नापुर बिथरी का महेंद्र फरार हो गए।
एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों के पास से छह लग्जरी कारें, तीन बुलेट बाइक, दो तमंचे और तीन चाकू बरामद हुए हैं। बाकी आठों आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। उनसे और चोरी के वाहनों की बरामदगी हो सकती है। उन्होंने बताया कि टीम को अधिकारियों से ईनाम दिलाने की सिफारिश करेंगे।