सीबीगंज। स्कूली बच्चों को ले जा रहा ऑटो बरेली-दिल्ली हाईवे पर सनौआ मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पांच छात्र और ऑटो चालक घायल हो गया। गंभीर घायल एक छात्र को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। ऑटो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
सीबीगंज की कैंफर स्टेट कॉलोनी स्थित कॉम्पिटेंट पब्लिक स्कूल के बच्चों को लेकर एक ऑटो उनके घर छोड़ने जा रहा था। सीबीगंज के सर्वोदय नगर का रहने वाला नासिर ऑटो चला रहा था। ऑटो में पांच छात्र बैठे थे। दोपहर 12 बजे बरेली-दिल्ली हाईवे पर सनौआ मोड़ के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किला थाना क्षेत्र की रजा कॉलोनी निवासी छात्र आकिब (12), मिलक निवासी चार अन्य छात्र व ऑटो चालक घायल हो गया। आकिब को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बच्चे बोले- तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा
कॉम्पिटेंट स्कूल के पास अपना कोई स्कूल वाहन नहीं है। बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए अनधिकृत वाहनों का ही इस्तेमाल किया जाता है। घायल बच्चों के मुताबिक, नियमित चालक ने शुक्रवार को अपनी जगह दूसरे को भेजा था। दूसरा चालक ऑटो को काफी तेज गति से चला रहा था। इसी वजह से हादसा हुआ। पिछले साल इसी तरह का हादसा अटरिया गांव के पास हुआ था। इस हादसे में भी सात विद्यार्थी घायल हो गए थे। संवाद