अपने मकान का नक्शा स्वीकृत कराने के लिए प्राधिकरण के चक्कर लगाने की चिंता से परेशान हैं तो अब इससे मुक्त हो जाइए। शासन की मंशानुरूप सब कुछ ठीक रहा तो आपको मकान का नक्शा मंजूरी के लिए बीडीए के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
शासन ने नक्शों के ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू करने के लिए शुक्रवार को लखनऊ में समस्त प्राधिकरणों की बैठक बुलाई थी। इसमें नया साफ्टवेयर विकसित करने के लिए 2.5 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाना था। बरेली विकास प्राधिकरण से इस ट्रेनिंग में सचिव सुरेंद्र प्रसाद, एक्सईएन जहीरुद्दीन, चीफ टाउन प्लानर आशीष शिवपुरी कंप्यूटर प्रोग्रामर फैयाज ने हिस्सा लिया। इसमें शासन के अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन नक्शा स्वीकृत करने के लिए नया साफ्टवेयर (यूपीओबीपीएस.इन) तैयार किया गया है। इसे इसी माह प्राधिकरणों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद आवेदक घर बैठे कंप्यूटर से अपने मकान का नक्शा स्वीकृत कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे। एनओसी की आपत्तियों का निस्तारण होने पर आवासीय या कामर्शियल निर्माण के नक्शे आसानी से स्वीकृत किए जा सकेंगे। ऑनलाइन नक्शों की आवेदन करने की प्रक्रिया सबसे पहले बीडीए अप्रूव्ड कालोनियों पर लागू की जाएगी।
अभी तो बहुत कठिन है नक्शा मंजूर कराना
वर्तमान में बीडीए से आवासीय या कामर्शियल निर्माण का नक्शा स्वीकृत कराने के लिए आवेदक को आर्किटेक्ट से नक्शा बनवाना होता है। आवास निर्माण की डिटेल, संपत्ति के स्वामित्व प्रमाण पत्र, शपथ पत्र के साथ इस मानचित्र को बीडीए में जमा करना होता है। बीडीए के लेखपाल भू स्वामित्व का परीक्षण करते हैं। फिर बीडीए से सर्वेयर भू-उपयोग का सत्यापन मौके पर जाकर करने का प्रावधान है। बीडीए के जेई आवास निर्माण का स्थलीय परीक्षण करने के बाद आवेदक को यह सूचित करते हैं कि नक्शा स्वीकृति के लिए किन-किन विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र चाहिए। आवेदक को एक माह के अंदर एनओसी की लाकर देनी होती है। एनओसी मिलने के बाद आवेदक को विकास शुल्क, निरीक्षण शुल्क, लेबर सेस समेत प्राधिकरण के निर्धारित अन्य शुल्क जमा करने के साथ मानचित्र की फीस जमा करनी होती है। तब मानचित्र स्वीकृत माना जाता है। अगर आवास एयरफोर्स एरिया में है तो इसकी प्रक्रिया और लंबी हो जाती है।
कोट--
आवासीय या कामर्शियल निर्माण के नक्शे ऑनलाइन स्वीकृत करने के लिए शासन में बैठक थी। इसमें सबको ट्रेनिंग दी गई। नया साफ्टवेयर तैयार कर लिया गया है। उम्मीद है कि अक्तूबर या नवंबर तक ऑनलाइन नक्शे स्वीकृत होने लगेंगे।
- जहीरूद्दीन, मानचित्र प्रभारी बीडीए